राज्य
27-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) निगम राजस्व विभाग की टीम ने आज सुबह खालसा स्कूल की सौ से ज्यादा दुकानों को सील कर दिया। मामले में बताया जा रहा है कि खालसा स्कूल पर डेढ़ करोड़ से अधिक के सम्पत्ति कर और अन्य करों की राशि बकाया है जिसके चलते पहले भी खालसा स्कूल में प्राचार्य के कक्ष और अन्य कक्षों में ताला लगाया गया था।निगम राजस्व विभाग के अनुसार बड़े बकायादारों को निगम ने राशि जमा करने के लिए नोटिस भेजे थे, लेकिन कई लोगों ने नोटिसों के बावजूद राशि जमा नहीं की, जिसके चलते आज अलग-अलग टीमें कार्रवाई के लिए अफसरों ने रवाना की। राजमोहल्ला स्थित खालसा स्कूल के अधीन 125 से ज्यादा दुकानें हैं और स्कूल और वहां के कर्ताधर्ताओं को निगम ने डेढ़ करोड़ से अधिक की बकाया राशि जिनमें सम्पत्ति कर, जलकर, कचरा प्रबंधन सहित कई अन्य शुल्कों की राशि शामिल हैं के भुगतान के लिए नोटिस भेजा था और दो दिन पहले स्कूल के प्राचार्य कक्ष सहित कई अन्य कक्ष भी निगम राजस्व विभाग की टीम ने सील किए थे। आज सुबह फिर पहुंची निगम राजस्व विभाग की टीम ने सौ से ज्यादा दुकानों पर बकाया राशि को लेकर ताले लगा उन्हें सील कर दिया गया। आनंद पुरोहित/ 27 फरवरी 2026