:: वृन्दावन की विख्यात राधा रमण टोली बिखेरेगी सांस्कृतिक छटा; अक्षत गार्डन पर फूलों की वर्षा से होगा स्वागत :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में फागुन की मस्ती और भक्ति का अनूठा संगम होने जा रहा है। संस्था माहेश्वरी कुटुम्ब की मेजबानी में रविवार, 1 मार्च को स्कीम 71 स्थित अक्षत गार्डन पर आयोजित होने वाले भव्य फाग महोत्सव का शुभारंभ प्रथम पूज्य के चरणों में वंदन के साथ हुआ। शुक्रवार को कार्यक्रम का पहला न्योता जूनी इंदौर स्थित खड़े गणेशजी को समर्पित किया गया। इस दौरान समाजजनों ने बप्पा को लड्डू का भोग लगाकर शहर में सुख-शांति और सद्भाव की प्रार्थना की। कार्यक्रम प्रमुख शारदा प्रकाश अजमेरा ने बताया कि इस वर्ष का मुख्य आकर्षण वृन्दावन की अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त बृज राधा रमण टोली के 24 कलाकार होंगे। महिला और पुरुष कलाकारों का यह दल शाम 6 बजे से संगीत निशा और फाग उत्सव में अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देगा। फाग उत्सव के दौरान विशेष मिसाइलों के जरिए रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों की वर्षा की जाएगी, जो पूरे वातावरण को कृष्णमय और खुशनुमा बना देगी। न्योता देने के अवसर पर मोहन सोमानी, गोपालदास राठी, श्याम भांगडिया और आशीष बाहेती सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित थे। आरती और पूजन में सुनील माहेश्वरी, प्रदीप जाखेटिया, पप्पू सिखची और अन्य पदाधिकारियों ने सहभागिता की। माहेश्वरी कुटुम्ब द्वारा आयोजित यह भव्य सांस्कृतिक संध्या न केवल समाज की एकजुटता का प्रतीक बनेगी, बल्कि इंदौर में ब्रज की होली का जीवंत अनुभव भी कराएगी। प्रकाश/27 फरवरी 2026