:: टोरी कॉर्नर से शुरू होगा रूट सर्वे; यातायात, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं का लेंगे जायजा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर की विश्वप्रसिद्ध रंगपंचमी गेर के सुचारू और सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा शनिवार, 28 फरवरी को प्रातः 9:30 बजे पारंपरिक गेर मार्ग का विस्तृत निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण की शुरुआत राजबाड़ा क्षेत्र के टोरी कॉर्नर से होगी। इस दौरान कलेक्टर गेर मार्ग पर यातायात प्रबंधन, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, बैरिकेडिंग की स्थिति और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। साथ ही, आयोजन के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पेयजल की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं की मुस्तैदी और आपातकालीन निकास द्वारों (एग्जिट रूट्स) का बारीकी से अवलोकन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम, पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिन्हें कलेक्टर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य गेर के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ श्रद्धालुओं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रकाश/27 फरवरी 2026