राज्य
27-Feb-2026


:: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पहले चरण का निष्पादन; 2 मार्च तक जमा किए जा सकेंगे ऑनलाइन ऑफर :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 (1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027) के लिए मदिरा दुकानों के निष्पादन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के कुल 56 मदिरा एकल समूहों में से प्रथम चरण (बैच-1) में 19 समूहों की 58 कंपोजिट मदिरा दुकानों का निष्पादन ई-टेंडर एवं ई-टेंडर कम ऑक्शन के माध्यम से किया जा रहा है। :: इन क्षेत्रों की दुकानें शामिल :: प्रथम चरण के निष्पादन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख समूह शामिल हैं, जिनमें मुख्य रूप से स्कीम नंबर-54, एमआईजी, गांधीनगर, मूसाखेड़ी, बाणगंगा, सरवटे बस स्टैंड, ट्रांसपोर्ट नगर, स्कीम नंबर-51, बीजलपुर, गवली पलासिया, अग्रसेन चौराहा, खुड़ैल, साजन नगर, आगरा, गौतमपुरा, इमली बाजार, मानपुर, चोरल और सगड़ौद समूह की दुकानें शामिल हैं। :: निविदा की समय-सीमा और शुल्क :: इच्छुक आवेदक 27 फरवरी 2026 सुबह 10 बजे से 02 मार्च 2026 दोपहर 02 बजे तक ऑनलाइन टेंडर प्रपत्र डाउनलोड कर अपने ऑफर सबमिट कर सकते हैं। ई-टेंडर कम ऑक्शन प्रपत्र खोलने की प्रक्रिया 02 मार्च को दोपहर 02:05 बजे से प्रारंभ होगी। प्रत्येक समूह के लिए निविदा प्रपत्र का मूल्य 30,000 रुपये निर्धारित किया गया है। आबकारी विभाग के अनुसार, इच्छुक आवेदक अवकाश के दिनों में भी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सहायक आयुक्त आबकारी कार्यालय (कक्ष क्रमांक 209) से विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रकाश/27 फरवरी 2026