राज्य
27-Feb-2026
...


:: योग, आयुर्वेद और हंसी-मजाक से संवरा बुजुर्गों का स्वास्थ्य; आयुष विभाग की पहल पर दी गई निःशुल्क चिकित्सा सेवाएँ :: इंदौर (ईएमएस)। राष्ट्रीय आयुष मिशन के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा शुक्रवार को अमरलाल सेवा ट्रस्ट परिसर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष हॉलिस्टिक वेल-बीइंग कैंप आयोजित किया गया। संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. मीना भायल एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्वास्थ्य को आयुष पद्धतियों के माध्यम से सुदृढ़ करना था। शिविर का आगाज़ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जहाँ योग विशेषज्ञों ने वरिष्ठजनों को उनकी आयु के अनुकूल सरल आसन और प्राणायाम सिखाए। इस अवसर पर वरिष्ठ विशेषज्ञों ने आयुर्वेद और होम्योपैथी के सिद्धांतों पर आधारित स्वस्थ जीवनशैली, दिनचर्या और ऋतुचर्या के महत्व पर प्रकाश डाला। शिविर में डॉ. शीतल कुमार सोलंकी, डॉ. बख्त्यार अशरफी और डॉ. रचना रघुवंशी ने अपनी सेवाएँ दीं। चिकित्सकों ने सभी आगंतुकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार आयुष औषधियाँ निःशुल्क वितरित कीं। चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ शिविर का वातावरण बेहद आत्मीय रहा। बुजुर्गों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए हंसी-मजाक, विनोद-प्रमोद और छोटे-छोटे खेलों का आयोजन किया गया, जिससे उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने वरिष्ठजनों के आशीर्वाद को समाज की सबसे बड़ी पूंजी बताया और भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया। प्रकाश/27 फरवरी 2026