राज्य
27-Feb-2026
...


:: जोबट के कानाकाकड़ स्थित निवास पहुँचकर परिजनों से की भेंट; हरसंभव सहयोग और शीघ्र स्वस्थ होने का दिया भरोसा :: आलीराजपुर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को संभाग के आलीराजपुर जिले के जोबट तहसील अंतर्गत ग्राम कानाकाकड़ पहुँचे, जहाँ उन्होंने पूर्व विधायक श्रीमती सुलोचना रावत के निवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने श्रीमती रावत के परिजनों से भेंट कर उनके उपचार के संबंध में विस्तृत चर्चा की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री के पूर्व विधायक के गृह निवास पहुँचने पर परिजनों द्वारा तिलक लगाकर और पुष्प-गुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया। मुलाकात के दौरान श्रीमती रावत के पुत्र विशाल रावत एवं अन्य परिजनों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पूर्व विधायक के स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा है। डॉ. यादव ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए विश्वास दिलाया कि सरकार संकट की इस घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार के आवश्यक सहयोग के लिए तत्पर है। इस अवसर पर प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागरसिंह चौहान, पूर्व सांसद गुमानसिंह डामोर, इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आलीराजपुर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर और पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रकाश/27 फरवरी 2026