राज्य
27-Feb-2026


देहरादून (ईएमएस)। उत्तराखण्ड की अस्थाई राजधानी देहरादून स्थित द्रोण चैक पर उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के महानगर अध्यक्ष प्रबीन रमोला के नेतृत्व में भाजपा सरकार व खानपुर के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैम्पियन का पुतला फूंककर विरोध दर्ज किया गया। इस अवसर पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष प्रवीन रमोला ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था लगातार गिरती जा रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पूर्व विधायक ने एक न्यूज चैनल के एंकर एवं अन्य कर्मचारियों को फोन पर गोली मारने तथा ट्रक से कुचलने जैसी गंभीर धमकियाँ देना अत्यंत निंदनीय है और यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का चैथा स्तंभ हैं और उन पर इस प्रकार का भय और दबाव बनाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। रमोला ने कहा है कि यदि सत्ता से जुड़े या पूर्व जनप्रतिनिधि ही कानून को हाथ में लेने का प्रयास करेंगे तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि इस प्रकार की हरकत करने का साहस न कर सके। इस दौरान उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने स्पष्ट किया कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखेगा। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। पुतला फूंकने वालों में केंद्रीय उपाध्यक्ष बहादुर सिंह रावत, केन्द्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण, राजेंद्र बिष्ट, किरन रावत, राजेश्वरी रावत, रमा चैहान, भोला चमोली, निर्मल शाह, श्रीराम,राजवीर नौटियाल, निशिथ मनराल, कपिल, रघुवीर राणा, संदीप, विकास भट्ट, शुभम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/27 फरवरी 2026