:: आजाद की शहादत को किया नमन; कहा- मां भारती के वीर सपूत का जीवन प्रत्येक देशभक्त के लिए ऊर्जा और संकल्प की प्रेरणा :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को स्वतंत्रता संग्राम के महानायक और मध्य प्रदेश की गौरवशाली माटी के लाल, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने आजाद के बलिदान को याद करते हुए उनके चरणों में नमन किया और उन्हें राष्ट्र का शाश्वत प्रेरणा पुंज बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ने अपना संपूर्ण जीवन मां भारती की स्वतंत्रता और सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। उनका अदम्य साहस, वीरता और स्वाभिमान आज भी प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रवाद की अलख जगाता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आजाद का कृतित्व और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए ऊर्जा, संकल्प और निःस्वार्थ राष्ट्र सेवा का मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। मध्य प्रदेश के झाबुआ (अब अलीराजपुर) जिले के भाभरा में जन्मे चंद्रशेखर आजाद ने आजाद रहने के अपने संकल्प को प्राणों की आहुति देकर सिद्ध किया था। मुख्यमंत्री के साथ ही प्रदेश के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस अवसर पर महान क्रांतिकारी की शहादत को याद कर उन्हें नमन किया। प्रकाश/27 फरवरी 2026