:: आलीराजपुर को 171 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात; भाभरा में बनेगा अमर शहीद का भव्य पार्क और रानी काजल माता लोक :: आलीराजपुर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान दिवस पर उनकी जन्मस्थली भाभरा (चंद्रशेखर आजाद नगर) पहुंचकर नमन किया। आलीराजपुर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद भारत की क्रांति का तेजस्वी स्वर थे, जिन्होंने भील नायकों से निशानेबाजी सीखकर अंग्रेजों के छक्के छुड़ाए थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिले के चहुंमुखी विकास के लिए 171 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संस्कृति विभाग के सहयोग से आजाद की जन्मस्थली पर एक भव्य पार्क का निर्माण किया जाएगा और उनके जीवन से जुड़े स्थलों को दर्शनीय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आलीराजपुर भील जनजाति की संस्कृति और स्वाभिमान की भूमि है। राज्य सरकार जनजातीय महापुरुषों की विरासत के संरक्षण के लिए संकल्पित है, इसी कड़ी में खरगोन में टंट्या मामा विश्वविद्यालय की शुरुआत की गई है। उन्होंने स्थानीय मान्यताओं के प्रतीक बाबा भीलट देव और रानी काजल माता को नमन करते हुए नर्मदा परिक्रमा वासियों के लिए रानी काजल माता लोक विकसित करने का भी संकेत दिया। मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 79.92 करोड़ के 14 कार्यों का लोकार्पण किया, जिसमें खंडाला में 34.20 करोड़ की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय और कई उच्च स्तरीय पुल व स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। साथ ही 119.01 करोड़ के 35 कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनमें नए छात्रावास और विद्यालय भवन प्रमुख हैं। डॉ. यादव ने बताया कि 1800 करोड़ की नर्मदा सिंचाई परियोजना से जिले के 170 गांवों को पानी मिलेगा, जिससे जनजातीय अंचल के किसानों की तकदीर बदलेगी। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहनों को 1500 रुपये प्रति माह और किसानों को सम्मान निधि के रूप में सालाना 12 हजार रुपये दे रही है। उन्होंने सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना और जनजातीय बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग योजना की भी चर्चा की। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने जिले की 57 किमी लंबी सड़कों के निर्माण की मांग रखी, जिसे मुख्यमंत्री ने सैद्धांतिक सहमति दी। इस अवसर पर सांसद अनिता चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। प्रकाश/27 फरवरी 2026