:: उदयगढ़ उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री; 28 गांवों में नर्मदा जल सर्वे और 18 किमी नई सड़कों की दी सौगात :: आलीराजपुर/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को आलीराजपुर जिले के उदयगढ़ में आयोजित पारंपरिक भगोरिया उत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर जनजातीय भाई-बहनों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने भगोरिया को राजकीय पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया है, जो जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के प्रति सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत का स्वप्न जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी के बिना अधूरा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि नर्मदा जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 28 गांवों का सर्वे कराया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने उदयगढ़ क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए 18 किलोमीटर लंबी नई सड़कों के निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत जिले के एक-एक खेत तक सिंचाई का पानी पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता है। संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आलीराजपुर की यह माटी न केवल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध है, बल्कि हमारे जननायकों के अदम्य साहस और पराक्रम की गवाह भी है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर त्वरित निर्णय लेते हुए क्षेत्र के समग्र विकास का भरोसा दिया। उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री जनजातीय रंग में रंगे नज़र आए और स्थानीय परंपराओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान ने बताया कि भगोरिया पर्व आलीराजपुर, झाबुआ, धार और खरगोन सहित पूरे जनजातीय अंचल में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 1800 करोड़ रुपये की नर्मदा सिंचाई परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में सांसद अनिता चौहान, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। प्रकाश/27 फरवरी 202