राज्य
27-Feb-2026
...


:: 31 मई तक चलेगी मकानों की गणना; मार्च-अप्रैल में नियुक्त होंगे प्रगणक और पर्यवेक्षक :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में आगामी जनगणना कार्य को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागृह में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती निशा डामोर की उपस्थिति में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में जनगणना से जुड़ी बारीकियों और प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशिक्षण कार्यशाला में बताया गया कि भारत की जनगणना-2027 के प्रारंभिक चरण के रूप में 1 मई से 31 मई 2026 तक भवन एवं मकानों की सूची तैयार करने का कार्य किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण अभियान के सुचारू संचालन के लिए मार्च और अप्रैल माह में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी, जिन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर मैदानी स्तर पर उतारा जाएगा। कार्यशाला के दौरान संयुक्त निदेशक जनगणना निदेशालय विनीत यादव और सहायक निदेशक सुमित बडोले ने अधिकारियों को जनगणना प्रपत्रों के संधारण और डिजिटल मॉड्यूल के उपयोग के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि डेटा की शुद्धता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस अवसर पर नगर निगम के अपर आयुक्त नरेन्द्रनाथ पांडे और जिला योजना अधिकारी माधव बेन्डे सहित निगम के सभी जोनल अधिकारी एवं जनगणना लिपिक उपस्थित रहे। प्रकाश/27 फरवरी 2026