व्यापार
28-Feb-2026
...


- लिस्टिंग की तैयारी, लेकिन आधिकारिक घोषणा बाकी नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। कोवैक्सीन बनाने वाली हैदराबाद स्थित कंपनी भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड शेयर बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी करीब 500 मिलियन डॉलर के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) पर विचार कर रही है। हालांकि इश्यू का आकार, संरचना और समय-सीमा अभी तय नहीं की गई है। कंपनी की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक बयान जारी नहीं हुआ है और बाजार की परिस्थितियों के आधार पर प्रस्ताव में बदलाव संभव है। यह संभावित लिस्टिंग ऐसे समय में सामने आई है जब भारतीय प्राथमिक बाजार रिकॉर्ड फंड जुटाने के बाद अब अधिक सतर्क रुख अपना रहा है। शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों की सावधानी के चलते बड़ी कंपनियों के लिए उचित मूल्य निर्धारण और सही समय का चयन महत्वपूर्ण हो गया है। बावजूद इसके, हेल्थकेयर और फार्मा सेक्टर में दीर्घकालिक निवेशकों की रुचि बनी हुई है। साल 1996 में स्थापित भारत बायोटेक को कोविड-19 महामारी के दौरान वैश्विक पहचान मिली, जब उसने स्वदेशी वैक्सीन कोवैक्सीन विकसित की। कंपनी का पोर्टफोलियो हेपेटाइटिस-बी, टाइफॉयड, रोटावायरस, जापानी इंसेफेलाइटिस और इन्फ्लुएंजा सहित कई बीमारियों के टीकों और बायोथेरेप्यूटिक्स तक फैला है। वह 100 से अधिक देशों में वैक्सीन की आपूर्ति करती है। आईपीओ से प्राप्त धनराशि का उपयोग अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) के विस्तार, विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और अगली पीढ़ी के टीकों व बायोलॉजिक्स के विकास में किया जा सकता है। लिस्टिंग के बाद कंपनी को अधिक पारदर्शिता, तिमाही नतीजों की घोषणा और निवेशकों की कड़ी निगरानी का सामना करना पड़ सकता है। सतीश मोरे/28फरवरी ---