- कानपुर निवासी तीन युवक पकड़े गए जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर संभाग के मंडला जिले में जबलपुर मार्ग पर थित टिकरिया में पुलिस ने एक 16 चका ट्रक में ठूंस-ठूंसकर भरी गई 26 भैंसों को मुक्त कराया । टिकरिया थाना पुलिस ने उक्त ट्रक को उस वक्त पकड़ा जब मवेशियों को काटने के लिए जबलपुर लेकर आ रहे थे। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नैनपुर जिला मंडला से 16 चका ट्रक में 26 भैंसों को भरकर तीन युवक जबलपुर के लिए रवाना हुए थे। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस दल पहले से ही तैनात रहा और जैसे ही बताए गए नंबर का ट्रक टिकरिया से आगे को बढा कि इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका तो उस में सवार तीन युवक कूदकर भागने लगे । पुलिस ने तीनों को पीछा करते हुए जंगल के रास्ते से पकड़ लिया। इसके बाद ट्रक की तलाशी ली तो उसमें 26 भैंस ठूंस-ठूंसकर भरी गई थी, जिनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने मवेशियों को फूलसागर पड़रिया स्थित गौशाला में सुरक्षित पहुंचाते हुए मामले में इश्तियाक अहमद, जीशान व आफताब नामक युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों यूपी के कानपुर के रहने वाले बताए गए है। उनके खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। अजय पाठक / मोनिका / 28 फरवरी 2026