क्षेत्रीय
28-Feb-2026
...


-10 वर्षीय मासूम की हालत नाजुक, भोपाल रेफर गुना (ईएमएस) शहर के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट गोपीसागर डैम पर शनिवार को एक हृदयविदारक दुर्घटना घटित हुई, जिसमें एक पिता की पानी में डूबने से मौत हो गई। जबकि उनका मासूम बेटा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। मृतक की पहचान भुल्लनपुरा निवासी 40 वर्षीय राजेश साहू के रूप में हुई है, जो एक निजी बैंक के लोन विभाग में कार्यरत थे। घटनाक्रम के अनुसार, राजेश अपने 10 वर्षीय पुत्र भविष्य साहू के साथ दोपहर के समय डैम पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने बांध के किनारे अपनी बाइक खड़ी की और फिर जलाशय की ओर चले गए। कुछ ही देर बाद बोट क्लब के कर्मचारियों की नजर पानी में डूब रहे दो लोगों पर पड़ी। कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए नाव के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक राजेश साहू की सांसें थम चुकी थीं। बालक भविष्य की हालत अत्यंत गंभीर देख उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया है। धरनावदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। धरनावदा थाना प्रभारी एसआई प्रभात कटारे के मुताबिक, मामला संदेहास्पद है और अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा पैर फिसलने की वजह से हुआ या पिता-पुत्र ने स्वयं पानी में छलांग लगाई। पुलिस परिजनों के बयान और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। राजेश अपने पिता से मिलने के बाद बेटे को घुमाने डैम ले गए थे, लेकिन इस सैर का अंत इतनी बड़ी त्रासदी के साथ होगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। इस घटना के बाद से भुल्लनपुरा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है -सीताराम नाटानी