क्षेत्रीय
28-Feb-2026
...


- जेसीबी से हटाया अतिक्रमण गुना (ईएमएस)। । शहर के बजरंगगढ़ बायपास पर बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं और बेलगाम होते भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार शाम छात्र रौनक राजपूत के ट्रक की चपेट में आने से हुए गंभीर हादसे के बाद, शनिवार को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की गई। मारुति सुजुकी शोरूम के सामने संचालित कान्हा धर्मकांटा (राजेंद्र अग्रवाल गोपाल दाल) को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर कराया बंद कलेक्टर ने ट्रकों की अनियंत्रित भीड़ और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए तहसीलदार गुना नगर जी.एस. बैरवा को सघन जांच के निर्देश दिए थे। शनिवार को तहसीलदार बैरवा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए धर्मकांटा संचालकों की सहमति से इसे बंद कराया। इसके साथ ही बीजी रोड बायपास पर सडक़ किनारे फैले अस्थाई अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया। तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि यातायात को सुगम बनाने और भविष्य में हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए यह कदम उठाना अनिवार्य था। शुक्रवार की वो दर्दनाक घटना गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को बीजी रोड बायपास पर एक भीषण हादसा हुआ था। कक्षा 9वीं का छात्र रौनक पुत्र मोनू राजपूत स्कूटी से अपने दोस्त के घर जा रहा था, तभी सीएमएचओ कार्यालय के सामने मक्के से भरे एक ट्रक एमपी09-4399 ने उसे कुचल दिया। हादसे में बच्चे का एक पैर बुरी तरह कुचल गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है। इस घटना के बाद शहरवासियों का गुस्सा फूट पड़ा था। आक्रोशित लोगों ने मारुति शोरूम तिराहे पर जाम लगाकर घंटों नारेबाजी की थी। लोगों का आरोप था कि घनी आबादी वाले इस इलाके में नो एंट्री के बावजूद भारी वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे मासूमों की जान जोखिम में है। प्रशासन की सक्रियता और भविष्य की तैयारी कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सडक़ सुरक्षा और सुगम यातायात प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हित कर वहां सुधार कार्य किए जा रहे हैं। शनिवार की कार्रवाई के दौरान तहसीलदार के साथ पुलिस और राजस्व का अमला मौजूद रहा। प्रशासन अब बायपास पर भारी वाहनों की गति सीमा तय करने और अवैध पार्किंग पर पूरी तरह अंकुश लगाने की तैयारी में है। -सीताराम नाटानी