क्षेत्रीय
28-Feb-2026
...


राजगढ़(ईएमएस)l युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ के अंतर्गत जिले में जिला स्तरीय आयोजन 6 मार्च, 2026 को प्रातः 10 बजे से स्थानीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ परिसर में आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम का विषय ‘आपातकाल के 50 वर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक’ निर्धारित किया गया है। संस्था प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु महाविद्यालयीन समिति का गठन किया गया है। जिसमें संयोजक डॉ. मंगलेश सोलंकी तथा सहसंयोजक डॉ. शैलेंद्र कुमार मेवाड़ा को दायित्व सौंपा गया है। प्राचार्य डॉ. खरे ने बताया कि यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं तथा संसदीय प्रणाली की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय लोकतंत्र के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक अध्याय आपातकाल (1975–77) के संदर्भ में चर्चा, विचार-विमर्श एवं तार्किक प्रस्तुति का अवसर प्राप्त होगा। जिला स्तरीय युवा संसद में राजगढ़ जिले के वे सभी विद्यार्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीयन कराया है तथा जिनकी आयु 18 से 25 वर्ष के बीच है। पात्र प्रतिभागी संसदीय प्रक्रिया की तर्ज पर अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सार्थक संवाद स्थापित करेंगे। इस मंच के माध्यम से युवा न केवल इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण करेंगे, बल्कि वर्तमान परिप्रेक्ष्य में लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने के सुझाव भी प्रस्तुत करेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल तथा संवैधानिक समझ का विकास करना है। आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि ‘विकसित भारत युवा संसद 2026’ का मुख्य उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। यह कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज रखने का सशक्त मंच प्रदान करता है। -निखिल/राजगढ़/28/2/2026