क्षेत्रीय
28-Feb-2026
...


- बस ऑपरेटर्स को हड़ताल की जरूरत नहीं, नई नीति में सुरक्षित रहेंगे उनके हित सागर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश के सागर में प्रदेश में प्रस्तावित नई परिवहन नीति को लेकर बस ऑपरेटर्स द्वारा दी गई हड़ताल की चेतावनी के बीच परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बड़ा बयान दिया है। सागर जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र के गढ़ाकोटा दौरे पर पहुंचे मंत्री ने स्पष्ट कहा कि बस ऑपरेटर्स को हड़ताल पर जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि नई परिवहन नीति में निजी बस संचालकों के हितों का पूरा ध्यान रखा गया है। “ऑपरेटर्स की बसें भी चलेंगी, उनके ड्राइवर और कंडक्टर भी कार्यरत रहेंगे। सरकार किसी का रोजगार छीनने नहीं, बल्कि व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने आई है,” मंत्री ने कहा। मंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार बस संचालकों को सुरक्षित और व्यवस्थित रूट उपलब्ध कराएगी, ताकि अनावश्यक प्रतिस्पर्धा और विवाद की स्थिति समाप्त हो सके। उन्होंने बस ऑपरेटर्स से संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की और भरोसा दिलाया कि उनकी जायज़ चिंताओं पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रदेश के बस ऑपरेटर्स 2 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दे चुके हैं। ऐसे में मंत्री का यह बयान सियासी और परिवहन व्यवस्था के लिहाज से अहम माना जा रहा है। - निखिल सोधिया/ईएमएस