- पहले दिन 45 किशोरियों को लगे टीके, 3000 को मिलेगा लाभ ब्यावरा(ईएमएस)l नगर के सिविल अस्पताल में शनिवार से एचपीवी (HPV) सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के पहले दिन 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 45 किशोरियों को टीके लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत प्रतिदिन लगभग 100 बालिकाओं को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। ब्यावरा ब्लॉक में करीब 3000 किशोरियों को इस टीकाकरण से लाभान्वित करने की योजना है। टीकाकरण के साथ-साथ किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, इसके लक्षण और टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जानकारी देकर जागरूक किया गया। यह टीका सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अस्पताल प्रभारी डॉ. सोरेन दत्ता ने बताया कि वर्तमान में यह टीका 14 से 15 वर्ष आयु की किशोरियों के लिए उपलब्ध है। भविष्य में इसे अन्य आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान के शुभारंभ अवसर पर डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ शरद साहू, डॉ. बी.एम. गुप्ता, डॉ लखन दांगी, नरेंद्र शर्मा, अनवर खान सहित अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चला रही है, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस टीकाकरण का लाभ उठा सकें और सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम किया जा सके। -निखिल/ब्यावरा/28/2/2026