28-Feb-2026
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) शहर के नाका चंद्रवदनी इलाके में हीरा भूमिया मंदिर के पास बीती रात एक टेंट गोदाम में आग लग गई। जिससे गोदाम के आसपास रहवासी इलाका था, इसलिए हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 7 दमकलों ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 7 बजे आग पर काबू पाया। तब तक करीब 50 लाख का माल खाक हो गया था। आग लगाने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि जांच के बाद ही सही कारण पता चलेगा। हीरा भूमिया मंदिर के पास स्थित टेंट व्यवसायी अवधेश सिंह यादव के गोदाम है। अवधेश सिंह यादव शादी समारोहों में टेंट व डेकोरेशन का काम करते हैं। पास ही स्थित गोदाम से उनका पूरा कारोबार संचालित होता है। इस समय होलिका अष्टक के चलते सहालग (विवाह मुहूर्त) बंद हैं, जिससे विभिन्न स्थलों से लाकर टेंट व सजावट का सामान गोदाम में रख दिया गया था। इसी दौरान रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अचानक गोदाम में आग लग गई। जब तक लोगों को जानकारी लगी, तब तक आग बेकाबू हो चुकी थी और पूरे क्षेत्र में धुएं फैल गया था। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस, फायर ब्रिगेड और गोदाम मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दमकल रवाना की गईं। गोदाम का रास्ता संकरा होने के कारण दमकलों को गोदाम तक पहुंचने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भीषण थी कि चारों ओर से पानी डालने के बाद भी काबू में नहीं आ रही थी। इसलिए गोदाम की दीवार तोड़नी पड़ी। इसके बाद सातों वाहनों से पानी फेका गया। टेंट का कपड़ा और डेकोरेशन का वायर होने के कारण आग पानी डालने के बाद भी भड़क रही थी। इस कारण गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।