मालवीय चौक पर होर्डिंग को लेकर विवाद जबलपुर, (ईएमएस)। पूर्व विधानसभा क्षेत्र में अब कोई भी राजनीतिक कार्यक्रम, चुनावी आयोजन या फिर त्योहार बिना विवाद के संपन्न हो जाए, यह मुश्किल सा लगता है। कभी कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने होते हैं, तो कभी विरोधी दल न होने पर एक ही दल के कार्यकर्ता आपस में उलझ जाते हैं। ऐसा ही एक मामला शहर के व्यस्त मालवीय चौक पर देखने को मिला। पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखन घनघोरिया के जन्मदिन (1 मार्च) के अवसर पर होर्डिंग लगाने को लेकर एक ही पार्टी के दो गुटों के बीच विवाद हो गया। कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। एक ही स्थान पर कब्जे की कोशिश........ जानकारी के अनुसार, दोनों गुट मालवीय चौक के मुख्य चौराहे पर एक ही स्थान पर अपना-अपना बैनर लगाना चाहते थे। इसी बात को लेकर पहले तीखी बहस हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना देनी पड़ी। पुलिस ने संभाली स्थिति … सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर समझाइश दी। कुछ देर की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। यातायात भी थोड़ी देर प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु किया गया। नेताओं ने दी संयम बरतने की सलाह........ घटना की जानकारी मिलते ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हस्तक्षेप किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन का पालन करने की अपील की। नेताओं का कहना है कि इस तरह के विवादों से संगठन की छवि पर असर पड़ता है। पूर्व विधानसभा क्षेत्र में बार-बार हो रहे ऐसे विवाद अब चर्चा का विषय बनते जा रहे हैं। सवाल यही है कि राजनीतिक उत्सव और सार्वजनिक आयोजन आखिर कब बिना तकरार के पूरे होंगे। सुनील साहू / शहबाज / 28 फरवरी 2026/ 06.12