राज्य
28-Feb-2026
...


:: श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की स्मृति में अग्रसेन भवन पर स्वास्थ्य अभियान जारी :: इंदौर (ईएमएस)। अग्रवाल समाज को मधुमेह और मोटापे जैसी जीवनशैली जनित बीमारियों से मुक्त करने के उद्देश्य से संचालित स्वास्थ्य परीक्षण अभियान के दूसरे दिन शनिवार को समाज बंधुओं का भारी उत्साह देखने को मिला। अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति, बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन एवं हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में 550 से अधिक लोगों ने अपनी निःशुल्क जांचें करवाईं। श्रीमती नीनादेवी अग्रवाल की पुण्य स्मृति में आयोजित यह शिविर स्नेह नगर स्थित अग्रसेन भवन पर रविवार को भी जारी रहेगा। सुबह 8 बजे से प्रारंभ होने वाले इस सत्र में न केवल नई जांचें होंगी, बल्कि शनिवार को हुए परीक्षणों की रिपोर्ट का वितरण भी किया जाएगा। रविवार के मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा एवं पार्षद मृदुल अग्रवाल होंगे। :: चिकित्सकीय परामर्श और 32 तरह की जांचें :: अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष प्रेमचंद गोयल एवं वरिष्ठ समाजसेवी विनोद अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में हेल्थ फॉर भारत फाउंडेशन के 20 चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने सेवाएं दीं। शिविर में आए लोगों का 32 विभिन्न प्रकार का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। शिविर संयोजक किशोर गोयल एवं प्रभारी गोविन्द सिंघल ने बताया कि सुबह से ही समाज बंधुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो दोपहर 3 बजे तक अनवरत जारी रहा। :: सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी :: शिविर के सफल संचालन में अग्रसेन यूथ क्लब, प्रगति क्लब, दादी संगठन, अग्र मंच सहित करीब 20 संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। व्यवस्थाओं में किशोर गोयल, संजय बांकड़ा, महेश मित्तल, प्रवीण मिश्रा, आशीष मित्तल सहित महिला मंडल की निर्मला जिंदल, राधा देवी मित्तल और मीना अग्रवाल जैसी सक्रिय सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। :: अगला पड़ाव आनंद नगर :: संयोजक अरविन्द वेल्यूअर और शीतल तोडीवाला ने जानकारी दी कि अग्रसेन भवन के पश्चात इस स्वास्थ्य अभियान का अगला चरण 14 और 15 मार्च को चितावाद स्थित आनंद नगर गार्डन पर आयोजित किया जाएगा। समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुँचाने के संकल्प के साथ यह अभियान निरंतर जारी है। प्रकाश/28 फरवरी 2026