क्षेत्रीय
28-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दिलीप पुत्र रामभरोसा जाटव (35) निवासी माता मोहल्ला म्याना के रूप में हुई है। घटना शनिवार शाम करीब 4:10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक मालगाड़ी गुना से ग्वालियर की ओर जा रही थी, इसी दौरान दिलीप पटरी पर ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दिलीप की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से विक्षप्त था, जिसके चलते संभवत: वह ट्रेन की आहट नहीं समझ सका। सूचना मिलते ही म्याना थाना पुलिस और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गुना भेज दिया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। इस घटना के बाद से माता मोहल्ला क्षेत्र में शोक की लहर है। -सीताराम नाटानी