इन्दौर (ईएमएस) असिस्टेंट टाउन प्लानर के 39 पदों के लिए मप्र लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। ये पद राज्य के टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में गजटेड क्लास-2 श्रेणी के है। इसके लिए आवेदन 19 मार्च तक किये जा सकेंगे। आयोग के अनुसार इसके लिए लिखित परीक्षा सितंबर में होने की संभावना है। हालांकि तारीख जारी नहीं की गई है। इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विवि से प्लानिंग में यूजी या एम. प्लान की डिग्री जरूरी है। टाउन, अर्बन, रीजनल, ट्रांसपोर्ट, एनवायरनमेंट, हाउसिंग या इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग जैसे विषयों में डिग्रीधारी अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। एआइटीपी परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी पात्र होंगे। परीक्षा के लिए न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। लिखित परीक्षा में सफल होने वालों का साक्षात्कार होगा। अंतिम चयन लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा। आनंद पुरोहित/ 28 फरवरी 2026