राज्य
28-Feb-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा का स्वच्छता महाअभियान चौथे दिन भी जारी रहा। वार्ड क्रमांक 02 पटेलपारा और वार्ड क्रमांक 03 साकेत नगर में मेगा ड्राइव चलाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने वार्डो में पैदल भ्रमण कर सफाई कार्यों का जायजा लिया। नालियों के स्लैब हटाकर अंदर तक सफाई कराई गई, सड़कों किनारे जमी धूल-मिट्टी और झाड़ियां हटाई गईं तथा कचरे का तत्काल उठाव कराया गया। साथ ही बीमारियों की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर और कीटनाशक का छिड़काव भी किया गया। निरीक्षण के दौरान डी.डी.एम. रोड स्थित एक होटल संचालक द्वारा किचन का कचरा नाली में डालने का मामला सामने आया। इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित होटल पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। निगम अमले ने मौके पर ही कार्रवाई की और भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की चेतावनी दी। आयुक्त ने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नाली-सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने की अपील की। निगम के अनुसार 2 मार्च को वार्ड क्रमांक 24 बुधवारी और वार्ड क्रमांक 26 रविशंकर शुक्ल नगर में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 28 फरवरी / मित्तल