:: 627 करोड़ की मुआवजा राशि से 662 किसानों को मिली आर्थिक मजबूती; सिंहस्थ-2028 के लिए मील का पत्थर होगा प्रोजेक्ट :: इंदौर (ईएमएस)। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने शनिवार को कहा कि इंदौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड फोरलेन सड़क प्रोजेक्ट सांवेर विधानसभा और पूरे क्षेत्र के विकास के लिए नींव का पत्थर साबित होगा। रेसीडेंसी कोठी पर आयोजित एक भव्य स्वागत समारोह में मंत्री सिलावट ने बताया कि यह प्रोजेक्ट न केवल इंदौर-उज्जैन मेट्रोपॉलिटन सिटी के सपने को साकार करेगा, बल्कि आगामी सिंहस्थ महापर्व-2028 के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगा। सांवेर विधानसभा के 19 गांवों के लगभग 662 प्रभावित किसानों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार ने 627 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत की है। उचित मुआवजा मिलने और सड़क निर्माण संबंधी समस्याओं के निराकरण से उत्साहित सैकड़ों किसानों ने शनिवार को मंत्री सिलावट का ढोल-धमाकों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया। किसानों ने मुख्यमंत्री और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि उनके परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। :: प्रोजेक्ट की मुख्य विशेषताएं और लाभ :: - क्षेत्रीय विकास : औद्योगिक, व्यापारिक और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। - सुरक्षित यातायात : सड़क के दोनों ओर सर्विस रोड, अंडरपास और डक्ट का निर्माण होगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों का आवागमन सुरक्षित रहेगा। - एलिवेटेड की जगह जमीनी मार्ग : मंत्री सिलावट के नेतृत्व में एलिवेटेड कॉरिडोर के स्थान पर सड़क को जमीनी स्तर पर बनाने का निर्णय लिया गया, जिससे स्थानीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी। :: मुख्यमंत्री का आभार जताने भोपाल जाएंगे किसान :: मुआवजा राशि और प्रोजेक्ट के स्वरूप में सुधार के लिए आभार व्यक्त करने हेतु आगामी 5-6 मार्च को 19 गांवों के सैकड़ों किसान मुख्यमंत्री निवास, भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। इस अवसर पर जिला महामंत्री अंतर दयाल, मंडल अध्यक्ष शिवपाल सिंह चावड़ा, जितेंद्र आंजना, मनोहर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में सरपंच और विभिन्न गांवों के किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री सिलावट ने आश्वस्त किया कि विकास के इस महायज्ञ में किसी भी किसान का अहित नहीं होने दिया जाएगा और प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। प्रकाश/28 फरवरी 2026