तेहरान (ईएमएस)। इजरायल ने दावा किया है कि उसके हालिया हवाई हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ अधिकारी मारे गए हैं, जिसमें ईरान के रक्षा मंत्री आमीर सनीरजदेह की मौत हो गई है । हमलों का मुख्य निशाना ईरान के उच्च पदस्थ अधिकारी थे और इस ऑपरेशन में उन्हें बड़ा नुकसान पहुंचा है। ईरानी सेना के कमांडर की भी मौत हो गई है। हालांकि, अभी ईरान की तरफ से इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन इजरायल के दावे ने इस जंग को और गहरा कर दिया है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में कहा कि अमेरिका ने ईरान में “मेजर कॉम्बैट ऑपरेशंस” शुरू कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान लगातार अपने परमाणु कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है और ऐसी मिसाइलें विकसित कर रहा है जो अमेरिका तक पहुंच सकती हैं। ट्रंप ने अपने बयान में ईरान के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस मौके का फायदा उठाकर देश की सत्ता अपने हाथ में लें। उन्होंने ईरान की सेना और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से हथियार डालने की मांग की और चेतावनी दी कि ऐसा न करने पर उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। इसी बीच रक्षा मंत्री और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के शीर्ष कमांडर की मौत की खबरों को ईरान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। सुबोध/२८-०२-२०२६