काबुल (ईएमएस)। पूर्वी अफगानिस्तान के रणनीतिक शहर जलालाबाद में एक पाकिस्तानी लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से सनसनी फैल गई। अफगान सैन्य व पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि पायलट को जीवित पकड़कर बंदी बना लिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हवाई अड्डे के पास दो जोरदार विस्फोट हुए। धमाकों से पहले आसमान में जेट की आवाज गूंजी और कुछ ही देर बाद क्रैश की सूचना आई। जलालाबाद, नंगरहार प्रांत की राजधानी, काबुल और पाक सीमा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित अहम केंद्र है—यहां की घटना सीधे सैन्य पहुंच और कड़े प्रतिरोध का संकेत मानी जा रही है। अफगान विदेश मंत्रालय के अधिकारी जाकिर जलाली ने बताया कि सैन्य कार्रवाई के साथ सक्रिय कूटनीति भी जारी है। काबुल ने तुर्की, कतर और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों से सलाह ली है। सुबोध/२८-०२-२०२६