फिरोजाबाद(ईएमएस)जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से आगरा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ती हुई एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी। हादसे में उज़्बेकिस्तान की दो महिला पर्यटक सहित चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सैफई पीजीआई इटावा भेजा गया है। 59.900 किमी प्वाइंट पर हुआ हादसा जानकारी के अनुसार हादसा थाना नगला खंगर क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के 59.900 किलोमीटर प्वाइंट पर हुआ। इनोवा कार संख्या DL 1 CAF 7528 लखनऊ से आगरा की ओर जा रही थी। कार में चालक समेत चार लोग सवार थे, जिनमें उज़्बेकिस्तान की दो महिलाएं भी शामिल थीं। विदेशी पर्यटक भारत भ्रमण पर आए थे और आगरा की ओर जा रहे थे। डिवाइडर तोड़कर नीचे गिरी कार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अचानक बेकाबू हो गई और तेज रफ्तार में डिवाइडर तोड़ती हुई एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और यूपीडा टीम ने किया रेस्क्यू सूचना मिलते ही थाना नगला खंगर पुलिस और यूपीडा (यूपी एक्सप्रेस-वे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए सैफई पीजीआई भिजवाया। विदेशी नागरिकों के शामिल होने के कारण प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। ये लोग हुए घायल हादसे में घायल होने वालों में— मोहम्मद अफजल पुत्र समसुल हक, निवासी ऊषहना, थाना समुलतल, जिला जमुई (बिहार) – चालक संदीप चौरसिया पुत्र बाबूलाल, निवासी सियार पार्क, थाना कालिका, दिल्ली उज़्बेकिस्तान की दो महिला पर्यटक सभी का इलाज सैफई पीजीआई इटावा में चल रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। नींद का झोंका बना कारण? प्रभारी निरीक्षक गिरीश कुमार के अनुसार प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चालक को नींद का झोंका आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर तोड़ते हुए नीचे गिर गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बड़ा हादसा टला गनीमत रही कि हादसे के समय एक्सप्रेस-वे पर अन्य कोई वाहन कार की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान थकान की स्थिति में वाहन न चलाएं और समय-समय पर विश्राम अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। ईएमएस