- 50,000 मैडम के बनेंगे...ठेकेदार से रिश्वत लेते लेखाधिकारी धराया इन्दौर (ईएमएस) लोकायुक्त इन्दौर पुलिस ने एक ट्रैप कार्रवाई कर 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते लेखाधिकारी जनपद पंचायत महेंद्रसिंह चौहान को रंगेहाथों गिरफ्तार किया। लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय के अनुसार आरोपी लेखाधिकारी महेंद्र सिंह को फरियादी ठेकेदार राजेश पवार निवासी विष्ठान (खरगोन) की शिकायत पर पकड़ा गया। फरियादी ठेकेदार दूसरे ठेकेदारों से लेबर रेट पर काम लेकर करता है। उसने स्वयं का ठेकेदारी का काम करने प्रारंभ किया और इसके लिए ग्राम पंचायत हीरापुर के सीसी रोड और चेक डैम का कार्य करने के लिए पंचायत से ठहराव प्रस्ताव बनवाकर फाइल जनपद पंचायत भगवानपुरा (खरगोन) में पदस्थ आरोपी लेखाधिकारी महेंद्रसिंह को 20 जनवरी 2026 को दी थी। इस पर आरोपी लेखाधिकारी ने उसी समय 10 हजार रुपए ले लिए और कहा कि सीईओ मैडम के 5 प्रतिशत और मेरे 2 प्रतिशत लगेंगे। कुल 10 लाख का काम है तो 50,000 रुपए मैडम के बनेंगे। जिसके बाद ठेकेदार ने लोकायुक्त एसपी डॉ. सहाय से इसकी शिकायत की थी। सत्यापन में शिकायत सही पाई गई। जिस पर ट्रैप कार्रवाई करते आरोपी को रंगेहाथों पकड़ा। आरोपी ने दो नई फाइल स्वीकृत कराने के बदले 10 हजार रुपए और मांगे थे। आनंद पुरोहित/ 01 मार्च 2026