28-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। द्वारका में पुलिस ने बंटी-बबली स्टाइल ठगी का खुलासा कर दिया है। यहां दंपति ने एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचकर करोड़ों की ठगी की है। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस ने द्वारका इलाके में प्रॉपर्टी के नाम पर बड़ी ठगी करने वाले पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचने का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। दिल्ली पुलिस की टीम ने दोनों को ग्रेटर नोएडा से अरेस्ट लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी दंपति लोगों के साथ एग्रीमेंट टू सेल (बिक्री समझौता) कर पैसे ले लेते थे, लेकिन बाद में फ्लैट किसी को भी नहीं देते थे और फरार हो जाते थे। इस मामले में 2024 में द्वारका साउथ थाने में ठगी के दो केस दर्ज किए गए थे। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को बताया कि एक महिला ने अपना फ्लैट बेचने के नाम पर उनसे एग्रीमेंट किया और एडवांस रकम ले ली। लेकिन बाद में न तो फ्लैट दिया और न ही पैसे लौटाए। जांच में सामने आया कि वही फ्लैट कई लोगों को बेचने का वादा किया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि फ्लैट पहले से बैंक में गिरवी रखा हुआ था। बैंक का कर्ज चुकाने के लिए आरोपियों ने कई लोगों से पैसे लेने की साजिश रची और अलग-अलग लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए। पुलिस के अनुसार, दंपति ने करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये धोखाधड़ी से जुटाए। लंबे समय तक फरार रहने पर द्वारका कोर्ट ने आरोपी महिला शारदा सिकरी को सितंबर 2025 में प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर घोषित कर दिया था। उसकी अग्रिम जमानत याचिका भी अदालतों से खारिज हो चुकी थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/28/फरवरी/2026