- मासूमों की आरोपी 11 हत्यारिनों का होगा दहन, इन्दौर में जलेगी अनोखी होली इन्दौर (ईएमएस) उत्तर प्रदेश की सीमा, मुस्कान, प्रियंका और दुर्गावती, तमिलनाडु की भारती व शरण्य, राजस्थान की संजू, ग्वालियर की ज्योति राठौर, हरियाणा की पूनम, गुजरात की सुनीता शर्मा ये कुछ ऐसी निर्दयी महिलाओं के नाम है जिन पर मासूमों की मौत के आरोप हैं। देश की ऐसी 11 आरोपी महिलाएं जिन पर अपने मासूम बच्चों की जघन्य तरीके से हत्या के आरोप है का पुत्र-हंता होलिका के रुप में इन्दौर में दहन किया जाएगा। बता दें कि इन 11 में से दो महिलाओं को निचली कोर्ट फांसी की सजा दे चुकी है। मासूमों की मौत की आरोपी इन महिलाओं का पुत्र हंता होलिका के रूप में दहन मेंस राइट्स के लिए काम करने वाली इन्दौर की संस्था पौरुष द्वारा महालक्ष्मी नगर मेला ग्राउंड के सामने आयोजित पुत्र-हंता होलिका का दहन कार्यक्रम में आज 2 मार्च को शाम 4 बजे किया जाएगा। संस्था अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दशोरा के अनुसार इस पुत्र हंता होलिका दहन में थीम पौराणिक ही है, जिसमें असुर राजा हिरण्य कश्यप ने अपने बेटे भक्त प्रहलाद को बहन होलिका के माध्यम से आग में जलाकर मारने का कुत्सित प्रयास किया था, लेकिन इसमें होलिका के चेहरे की जगह उन महिला आरोपियों के चेहरे होंगे जिन पर मासूमों को निर्दयता से मारने के आरोप है। इस होलिका के स्वरूप के बीचों-बीच में बेंगलुरु की सीईओ सूचना सेठ का चेहरा रहेगा। उसने कोर्ट आदेश के बावजूद अपने 4 वर्षीय बेटे को इंडोनेशियन एनआरई पति वेंकटरमण से नहीं मिलने दिया और गोवा के होटल में ले जाकर उस मासूम बेटे के 34 टुकड़े कर दिए। फिर उन टुकड़ों को सूटकेस में भर दिया था। वहीं इसके आसपास दस और ऐसी ही निर्दयी महिलाओं के चेहरे होंगे। आनंद पुरोहित/ 01 मार्च 2026