कोरबा (ईएमएस) सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक पहल के अंतर्गत महाराष्ट्र मंडळ, रायपुर द्वारा प्रस्तुत एवं महाराष्ट्र मंडळ, कोरबा तथा रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के सहयोग से चर्चित हिंदी नाटक “मैं अनिकेत हूं” का मंचन शनिवार, 21 मार्च को कोरबा में किया जाएगा। 28 फरवरी को आयोजित रोटरी क्लब की बैठक में यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में रोटरी क्लब के सदस्यों के अलावा महाराष्ट्र मंडळ कोरबा की ओर से सुधीर रेगे, सौ. स्वाती रेगे, आलोक दीवाटे, चिंतन ओत्तलवार एवं प्रवीण जाखड़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे। * नाटक की विशेषता “मैं अनिकेत हूं” चिकित्सा जगत की भावी क्रांति, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक मूल्यों को रेखांकित करने वाला एक सशक्त नाट्य प्रस्तुति है। यह नाटक दर्शकों को सोचने, समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पहचानने के लिए प्रेरित करता है। इसकी प्रभावशाली कहानी, संवाद और मंचन शैली समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने का माध्यम बनेगी। * समाजसेवा का उद्देश्य रोटरी क्लब ऑफ कोरबा द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि नाटक से प्राप्त समस्त आय समाज कल्याण कार्यों में उपयोग की जाएगी। विशेष रूप से आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी शिक्षा जारी रखने में असमर्थ मेधावी विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान किया जाएगा। 01 मार्च / मित्तल