बारामती विमान हादसे में 22 पेज की रिपोर्ट में हुए चौंकाने वाले खुलासे नई दिल्ली,(ईएमएस)। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार प्लेन क्रैश मामले में जांच एजेंसी एएआईबी ने शनिवार को अपनी शुरूआती रिपोर्ट दी। 22 पेज की इस रिपोर्ट में अभी हादसे के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन इसमें कुछ अहम मुद्दों पर सवाल उठाए गए हैं। एएआईबी का कहना है कि अभी अंतिम रिपोर्ट आने में वक्त लगेगा। यह वक्त कितना लगेगा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र किया गया है कि प्लेन रनवे नंबर-11 के 50 मीटर लेफ्ट साइड में गिरा। प्लेन रनवे के पाथ को छोड़ चुका था। इसकी जांच की जा रही है कि आखिर ऐसा क्यों हुआ होगा। दूसरे बारामती एयरपोर्ट के पास अपना मेड डिपार्टमेंट भी नहीं है। इसके अलावा रनवे-11 की तरफ तो हवा की चाल बताने वाला सिस्टम भी नहीं लगा है। जो रनवे-29 की तरफ लगा है। एक्सपर्ट का कहना है कि हो सकता है कि वायरलट विडियो में जैसे प्लेन 90 डिग्री पर घूमता दिखाई दे रहा है। उससे पायलट प्लेन से अपना संतुलन खो बैठा हो और यह क्रैश हो गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वीएसआर वेंचर्स कंपनी के इस लीयरजेट 45 एयरक्राफ्ट के वीआईपी को लेकर लैंड करने के वक्त बारामती रनवे पर तीन हजार मीटर की विजिबिलिटी बताई गई थी, लेकिन असल में इस प्लेन को लैंड करने के लिए विजिबिलिटी की जरूरत पांच हजार मीटर थी। इसमें भी जो तीन हजार मीटर विजिबिलिटी बताई गई थी। वह भी पुणे मौसम विभाग की जांच में कम आई है, जिसमें पता लगा है कि असल में उस वक्त विजिबिलिटी दो हजार से 2500 मीटर थी। ऐसे में जानकारों का कहना है कि जब विजिबिलिटी कम थी तो वीआईपी समेत पांच लोगों के साथ लैंड कर रहे इस प्लेन को लैंड करने की इजाजत क्यों दी गई। रिपोर्ट में बारामती रनवे की खराब हालत को भी हाई लाइट किया गया है, जिसे सबसे पहले एनबीटी ने 29 जनवरी को खबर छापकर रनवे की सफेद पट्टियों के मिट जाने और रनवे की बजरी उखड़ जाने के बारे में बताया था। इससे खराब मौसम में पायलट को आसमान से रनवे देखने में परेशानी हो सकती थी। अब एएआईबी की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इस रनवे की अंतिम बार री-कारपेटिंग मार्च 2016 में हुई थी। ऐसे में सूत्रों का कहना है कि यानी 10 साल से इस रनवे पर कोई काम नहीं किया गया, लेकिन इसके बावजूद इस रनवे पर लोगों की जान को जोखिम में डालकर लगातार वीआईपी मूवमेंट होते रहे। सिराज/ईएमएस 01मार्च26 --------------------------------