राज्य
01-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा-पश्चिम क्षेत्र हरदी बाजार में एक घर के कुएं में गिरे जहरीले ‘अहिराज’ सर्प का सफल रेस्क्यू कर वन विभाग की टीम ने मानव और वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया। यह सांप पिछले दो दिनों से कुएं में गिरा हुआ था। जानकारी के अनुसार, हरदी बाजार निवासी दीपक टंडन के घर के कुएं में ‘अहिराज’ सर्प गिर गया था। पहले दिन परिवार के सदस्यों ने मानवीय पहल करते हुए कुएं में बाल्टी लटका दी, ताकि सांप स्वयं बाहर निकल सके, लेकिन अगले दिन भी वह कुएं में ही तैरता मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम को दी गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यूअर जितेंद्र सारथी ने मामले की जानकारी कटघोरा वन मंडल के डीएफओ कुमार निशांत को दी। उनके मार्गदर्शन में टीम सुबह 6 बजे ही करीब 34 किलोमीटर दूर हरदी बाजार के लिए रवाना हुई। ग्राम पहुंचकर निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद सर्प को बाल्टी की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया और विशेष थैले में रखकर संरक्षित कर जंगल में छोड़ दिया गया। 01 मार्च / मित्तल