कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के टी.पी. नगर क्षेत्र स्थित आशीर्वाद प्वाइंट में आयोजित पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत भव्य संभागीय वक्ता कार्यशाला उत्साह, ऊर्जा और दृढ़ संगठनात्मक संकल्प के साथ संपन्न हुई। बिलासपुर संभाग के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की प्रभावी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक आयाम प्रदान किया। कार्यशाला को संगठन की वैचारिक मजबूती और बूथ सशक्तिकरण की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है। * मजबूत संगठन ही सुशासन की गारंटी उद्घाटन सत्र में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि प्रशिक्षण महाभियान संगठन की रीढ़ को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने, घर-घर जनसंपर्क सुदृढ़ करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया। प्रथम सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण विभाग के संयोजक डॉ. अवधेश जैन ने एकात्म मानववाद की वैचारिक पृष्ठभूमि को रेखांकित करते हुए कहा कि संगठनात्मक अनुशासन और विचार व व्यवहार की एकरूपता ही भाजपा की वास्तविक शक्ति है। * डिजिटल युग में संगठन विस्तार का रोडमैप द्वितीय सत्र में छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष संदीप शर्मा, संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय, प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक मितुल कोठारी, जिला संगठन सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला एवं सह संभाग प्रभारी डॉ. राजीव सिंह ने संगठनात्मक विस्तार, डिजिटल संवाद और सोशल मीडिया की प्रभावी भूमिका पर विस्तृत विचार रखे। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि भाजपा का सांस्कृतिक राष्ट्रवाद संकीर्ण या विभाजक नहीं, बल्कि भारत की साझा विरासत और गौरव का उत्सव है। बूथ स्तर पर डेटा प्रबंधन, मतदाता संपर्क और सोशल मीडिया सक्रियता को अभियान का मुख्य आधार बनाने पर विशेष बल दिया गया। * “बूथ सशक्त तो संगठन सशक्त” जिज्ञासा समाधान एवं समापन सत्र में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कार्यकर्ताओं के प्रश्नों का समाधान करते हुए कहा कि बूथ सशक्त होगा तो संगठन स्वतः सशक्त होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि आदि को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया। * वरिष्ठ नेतृत्व की गरिमामयी उपस्थिति कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी एवं जिला महामंत्री संजय शर्मा व अजय विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, लखनलाल साहू, मेघाराम साहू, खिलावन साहू, कमला देवी पाटले, अम्बेश जांगड़े, ज्योतिनंद दुबे, चुन्नीलाल साहू, अमर सुल्तानिया, रितु चौरसिया, प्रणव कुमार मरपच्ची, मोहित जायसवाल, विजय अग्रवाल, कुलकित चंद्रा सहित बिलासपुर संभाग के सभी भाजपा विधायक, जिलाध्यक्ष, महामंत्री एवं वरिष्ठ नेतागण उपस्थित रहे। 02 मार्च / मित्तल