राज्य
02-Mar-2026


इन्दौर (ईएमएस) युवती द्वारा शादी से इंकार करने पर दुखी एक युवक ने खुदकुशी कर ली। युवक मूलतः कटनी के समीप गांव बरही, करेला का रहने वाला था और इन्दौर में अपनी बहन के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। जिस समय युवक ने यह कदम उठाया उस समय उसकी बहन अपने गांव गई हुई थी जबकि युवक दो दिन पहले ही गांव से लौटा था। उसकी अपने गांव की ही एक युवती से दोस्ती थी उसके शादी से इंकार कर दोस्ती तोड़ने के बाद युवक ने इन्दौर आ मेडिकल से कोई दवा लाकर खा ली थी जिसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे एम वाय अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतक का नाम मयंक पिता हरिहर द्विवेदी उम्र बावीस साल है उसने 26 फरवरी की रात मेडिकल स्टोर से ब्लड प्रेशर की दवा ला खा ली थी। तबीयत बिगड़ने पर दोस्त उसे नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से उसे इलाज के बाद हालत और खराब होने पर एमवाय अस्पताल रेफर किया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाते कार्रवाई शुरू की। पूछताछ में पुलिस को परिजनों ने बताया कि मयंक अपनी बहन के साथ इंदौर में रहता था। उसकी बहन गांव बरही, करेला (कटनी) गई हुई थी। मयंक एक दिन पहले ही गांव से इंदौर लौटा था। वह पिछले तीन साल से इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। जांच कार्रवाई के दौरान पुलिस को मयंक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने गांव की एक युवती से दोस्ती और संबंध का जिक्र करते युवती द्वारा शादी से इनकार कर संबंध खत्म करने की बात लिखते उसके बाद उसने कदम उठाने की बात लिखी है। आनंद पुरोहित/ 02 मार्च 2026