* कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत की मौजूदगी में हुआ भूमि पूजन कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के वार्ड क्रमांक 3 के निवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग को साकार रूप मिल गया, जब टी.पी. नगर जोन अंतर्गत डीडीएम रोड स्थित साई मंदिर के पीछे 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भव्य सामुदायिक भवन का विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत ने की। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण बन गया। * क्षेत्र के विकास को नई दिशा मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि यह सामुदायिक भवन क्षेत्रवासियों की सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार और नगर निगम कोरबा शहर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और विकास की मजबूत नींव है। * महापौर ने जताया विश्वास कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि वार्ड क्रमांक 3 के नागरिक लंबे समय से सामुदायिक भवन की मांग कर रहे थे। भूमि पूजन के साथ यह मांग पूरी होने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भवन निर्माण के बाद स्थानीय बैठकों, सामाजिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए उत्कृष्ट सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। 02 मार्च / मित्तल