राज्य
02-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत लेमरू अंतर्गत ग्राम केऊबाहर में मंझवार समाज की एक बैठक संपन्न हुई, जिसने समाज में नई चेतना और नई ऊर्जा का संचार कर दिया। सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती, शिक्षा के विस्तार और सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर आयोजित इस महासभा में वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, युवाओं एवं मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। बैठक का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं समाज के इष्टदेव के स्मरण के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों एवं पदाधिकारियों का सम्मानपूर्वक स्वागत कर विचार-विमर्श का सिलसिला प्रारंभ हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों ने समाज की वर्तमान परिस्थितियों, चुनौतियों और संभावनाओं पर गंभीर मंथन किया। * शिक्षा बनेगी समाज की सबसे बड़ी ताकत वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का मूल आधार है। विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा पर बल देते हुए कहा गया कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में बच्चों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक ग्राम में शिक्षा जागरूकता अभियान चलाकर विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ा जाएगा। युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। * संगठन की मजबूती पर विशेष जोर बैठक में यह बात प्रमुखता से उभरकर सामने आई कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा और विकास की दिशा में ठोस कदम उठा सकता है। ग्राम स्तर पर समिति गठन, नियमित बैठकें और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने का निर्णय लिया गया। सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, आपसी विवादों को संवाद से सुलझाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया। * महिलाओं की सहभागिता बनी विशेष उपलब्धि बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने महिला शिक्षा, स्वावलंबन और स्वरोजगार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। यह संदेश दिया गया कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगा। * आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में पहल समाज के आर्थिक विकास को लेकर स्वरोजगार, कृषि उन्नयन एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी के लिए विशेष शिविर लगाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करने का भी निर्णय लिया गया। उक्त बैठक में ग्राम लेमरू से कन्हैया लाल, बृजलाल, रमेश कुमार, फूलसिंह, पुरन सिंह, अमर सिंह एवं आनंद राम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। अंत में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि मंझवार समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता एवं संगठन की मजबूती के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। 02 मार्च / मित्तल