तेहरान,(ईएमएस)। ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों के बाद पूरा मिडिल ईस्ट अब एक विनाशकारी युद्ध की आग में झुलस रहा है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या ने स्थिति को विस्फोटक बना दिया है। सोमवार को दोनों पक्षों के बीच जारी खूनी संघर्ष ने इस आशंका को पुख्ता कर दिया है कि यह युद्ध अब किसी बड़े क्षेत्रीय या वैश्विक संकट का रूप ले सकता है। एक तरफ ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता की मौत का प्रतिशोध लेने का संकल्प दोहराया है, तो दूसरी तरफ अमेरिका ने स्थिति को नियंत्रित करने और दबाव बनाने के लिए अपने घातक बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स युद्ध क्षेत्र में उतार दिए हैं। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और इजराइल के प्रमुख शहरों को सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। इजराइल की व्यावसायिक राजधानी तेल अवीव धमाकों की आवाजों से गूंज उठी। इजराइली बचाव सेवाओं के अनुसार, मध्य शहर बेत शेमेश में एक यहूदी प्रार्थना स्थल पर हुए मिसाइल हमले में 8 लोगों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हुए हैं। इसके साथ ही इजराइल में मरने वालों का आंकड़ा 10 तक पहुंच गया है। हमले की तपिश कतर और कुवैत जैसे पड़ोसी देशों तक भी महसूस की गई, जहां देर रात धमाकों की आवाजें सुनी गईं। दूसरी ओर, अमेरिका और इजराइल की बमबारी ईरान पर लगातार जारी है। रविवार और सोमवार को ईरान की राजधानी तेहरान के प्रशासनिक इलाकों पर भीषण हवाई हमले किए गए, जिससे आसमान में धुएं का गुबार छा गया। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, सर्वोच्च नेता और अन्य वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाकर किए गए इन हमलों में अब तक 200 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें एक ईरानी स्कूल पर हुआ हमला भी शामिल है, जहां मरने वालों की संख्या 180 तक पहुंच गई है। इस भीषण तनाव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय विमानन क्षेत्र पर पड़ा है। एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों से पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र का उपयोग बंद कर वैकल्पिक मार्गों से उड़ानें संचालित करने का निर्णय लिया है। एयर इंडिया ने 2 मार्च की मध्यरात्रि तक यूएई, सऊदी अरब, इजराइल और कतर जाने वाली सभी उड़ानें निलंबित कर दी हैं। इसके अलावा, दिल्ली से ज्यूरिख, कोपेनहेगन और बर्मिंघम जाने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे हजारों यात्री फंसे हुए हैं।खाड़ी देशों में भी ईरान के हमलों ने हड़कंप मचा दिया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और अन्य पड़ोसी देशों पर हुए हमलों में कम से कम 3 लोगों की मौत हुई है और 50 से अधिक घायल हुए हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/02मार्च2026 --------------------------------