- सोना 4759 रुपये महंगा हुआ, 3 फीसदी बढ गया चांदी का दाम नई दिल्ली (ईएमएस)। मध्य-पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी दर्ज की गई है। अमेरिका, इजराइल और इरान के बीच बढ़ते टकराव ने वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ा दी है, जिससे निवेशकों का रुख सुरक्षित निवेश यानी बुलियन की ओर हो गया है। सोमवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 4,759 रुपये की छलांग लगाकर 1,66,880 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी करीब 3 प्रतिशत उछलकर 2,91,439 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही है। घरेलू बाजार में यह तेजी अंतरराष्ट्रीय संकेतों के अनुरूप देखी जा रही है। अमेरिकी कमोडिटी एक्सचेंज कॉमेक्स पर शुरुआती कारोबार में सोने की स्पॉट कीमत 1.86 प्रतिशत बढ़कर 5,345.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। चांदी भी 0.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.045 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। दिल्ली में 24 कैरेट सोना 17,234 रुपये प्रति ग्राम पर बिक रहा है, जबकि मुंबई और कोलकाता में यह 17,309 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया। चेन्नई में कीमत 17,210 रुपये प्रति ग्राम है। 22 और 18 कैरेट सोने में भी समान तेजी देखी गई है। विश्लेषकों का मानना है कि यदि तनाव बरकरार रहा तो घरेलू बाजार में सोना 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है। सतीश मोरे/02मार्च ---