ठाणे, (ईएमएस)। मुंबई से सटे ठाणे अपराध शाखा की मानव तस्करी विरोधी इकाई (एएचटीयू) ने एक बड़े हाई प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस केस में एक 27 साल की अभिनेत्री को गिरफ्तार किया गया है, जो हिंदी सीरियल और मॉडलिंग में काम करने वाले जूनियर आर्टिस्ट को पैसे का लालच देकर सेक्स रैकेट में धकेल रही थी। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, इस अभिनेत्री के बारे में पुलिस को गुप्त जानकारी मिली थी। 28 फरवरी की दोपहर पुलिस ने ठाणे के मासुंदा तालाव इलाके में एक फर्जी ग्राहक भेजा और जाल बिछाया। अभिनेत्री ने उक्त फर्जी ग्राहक से एक युवा पीड़िता के लिए 30,000 रुपये लिए। इसमें से वह 20,000 रुपये अपने पास रखने वाली थी, जबकि पीड़िता को सिर्फ 10,000 रुपये देने का तय हुआ था। जैसे ही उसने पैसे लिए, पुलिस, जो उसका इंतजार कर रही थी, ने अभिनेत्री को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जांच में पुलिस को पता चला है कि यह अभिनेत्री खुद कुछ हिंदी सीरियल में काम करती है। उसने अपने यूटुब चैनल और मॉडलिंग के लिए जानी जाने वाली कई ज़रूरतमंद लड़कियों को इस धंधे के लिए चुना था। उसने पुलिस के सामने कबूल किया है कि वह पिछले एक साल से यह रैकेट चला रही है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो पीड़ित लड़कियों को बचाया है। इन लड़कियों को सरकारी महिला सुधार गृह भेज दिया गया है। स्वेता/संतोष झा- ०२ मार्च/२०२६/ईएमएस