राज्य
02-Mar-2026


- एक और घायल व्यक्ति ने दम तोड़ा, मृतकों की संख्या 19 हुई नागपुर, (ईएमएस)। रविवार सुबह नागपुर जिले के राउलगांव में एसबीएल एनर्जी लिमिटेड कंपनी में एक बड़ा धमाका हुआ। यह बड़ा धमाका गनपाउडर और डेटोनेटर समेत दूसरे विस्फोटक बनाने वाली कंपनी में हुआ। इस धमाके में 18 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हुए। इस बीच धमाके में घायल एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद मरने वालों की संख्या 19 हो गई है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने एसबीएल एनर्जी लिमिटेड ब्लास्ट केस में, कंपनी के 21 वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। यह केस कलमेश्वर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के मालिक संजय चौधरी समेत दूसरे डायरेक्टर, प्लांट हेड और मैनेजर के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। * अब तक 9 लोग गिरफ्तार नागपुर के पालक मंत्री और राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले तथा कृषि राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने राउलगांव में एसबीएल एनर्जी कंपनी में हुए धमाके की जगह का दौरा किया और विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान नागपुर के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार और दूसरे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की पूरी जांच के आदेश दिए थे। इसी के मद्देनजर पुलिस ने एसबीएल एनर्जी में हुए धमाके में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। गैर इरादतन हत्या का यह केस एसबीएल एनर्जी कंपनी के डायरेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर, प्लांट मैनेजर, सुपरवाइजर, सेफ्टी ऑफिसर समेत 21 वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ दर्ज किया गया है। खास बात यह है कि पुलिस ने इस मामले में रविवार दिनांक 1 मार्च की रात को ही ठोस कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य लोगों की तलाश कर रही है। * केंद्र सरकार मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये एवं राज्य सरकार 5 लाख रुपये की मदद देगी एसबीएल एनर्जी लिमिटेड धमाके में मृतकों के परिजनों को केंद्र सरकार ने 2 लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया है, जबकि राज्य सरकार ने 5 लाख रुपये की मदद का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया है कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड से 5 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऐलान किया है कि राज्य सरकार 5 लाख रुपये की मदद देगी। घायलों को प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड से 50,000 रुपये की मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया है कि घटना की पूरी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। संतोष झा- ०२ मार्च/२०२६/ईएमएस