* बांगो थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मृत्यु कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत बांगो थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मृत्यु हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक निवासी शंकरडुगू मोहल्ला, पोंड़ी-उपरोड़ा, रोजी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह मुख्य सड़क किनारे अंडा दुकान संचालित करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। परिजनों के अनुसार रात्रि लगभग 8 बजे दुकान बंद कर वह अपनी मोटर साइकिल से ग्राम कोनकोना गया था। रात करीब 10 बजे जब वह राष्ट्रीय राजमार्ग-130 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पोंड़ी-उपरोड़ा के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने उसकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के सिर और दाहिने पैर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की मदद से उसे पोंड़ी-उपरोड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मृत्यु हो गई। बताया जा रहा हैं की रात अधिक होने के कारण परिजन तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके।दूसरे दिन परिजनों ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी है। 02 मार्च / मित्तल