राज्य
02-Mar-2026


केमरी,(ईएमएस)। स्वार खुर्द गांव में बकरी चुराकर भाग रहे तीन लोगों की कार खाई में जा गिरी। उनका पीछा कर रहे ग्रामीणों ने कार सवार एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जबकि उसके दो साथी भाग निकले। पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में ले लिया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्वार खुर्द गांव के ग्रामीणों का कहना है कि एक क्रेटा कार में सवार होकर तीन लोग गांव में आए। उन्होंने जागन लाल के घर के बाहर बंधी बकरी की रस्सी काटकर बकरी को कार में भर लिया और भागने लगे। यह देख रहे गांव के कुछ बच्चों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीण कार के पीछे भागे। गांव के बाहर पड़ने वाली रेलवे क्रॉसिंग का फाटक उस समय बंद था। तब आरोपियों ने कार को मोड़कर दूसरे रास्ते से भागना चाहा, लेकिन ग्रामीणों को पीछे आता देख हड़बड़ी में कार ड्राइवर संतुलन खो बैठा, जिससे कार सड़क किनारे खंती में जा गिरी। कार में सवार दो लोग किसी तरह मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक इन दोनों के हाथों में चाकू थे। कार सवार तीसरे व्यक्ति को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और आरोपी को थाने ले गई। केमरी थानाध्यक्ष ने बताया कि हिरासत में लिया गया युवक खुद को कार ड्राइवर बता रहा है। वह कार को किराए पर लेकर आया था। थानाध्यक्ष के मुताबिक अभी किसी ग्रामीण की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूछताछ व जांच कर रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सिराज/ईएमएस 02मार्च26