सीएम योगी की तल्ख टिप्पणी के बीच केशव मौर्या ने किया अविमुक्तेश्वरानंद का समर्थन वाराणसी,(ईएमएस)। प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान और बटुक की चोटी खींचने का मामला थम नहीं रहा है। सीएम योगी की तल्ख टिप्पणियों के बीच एक बार फिर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने शंकराचार्य का समर्थन किया है। सोमवार को काशी पहुंचे डिप्टी सीएम मोर्या ने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य सर्वोपरि हैं और पूज्य हैं। वह जहां भी जाएंगे हम उनका स्वागत करेंगे। वहीं उन्होंने दूसरी ओर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को ढोंगी बताया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मोर्या ने कहा कि शंकराचार्य का स्थान सर्वोपरि है वे भगवान शंकराचार्य हैं, वे कहीं भी जाएंगे हम उनका स्वागत करेंगे। एक रामभक्त होने के नाते मैं स्वयं उनका अभिनंदन करने को तैयार हूं। शंकराचार्य के यूपी सरकार में गौहत्या के आरोपों पर भी डिप्टी सीएम ने जवाब दिया। गौ रक्षा के मुद्दे पर विपक्ष को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में अब कानून का राज है। हमारी सरकार गौ माता के प्रति अटूट आस्था रखती है और प्रदेश में किसी भी अपराधी या हत्यारे की इतनी हैसियत नहीं है कि वह गौ माता को नुकसान पहुंचा सके। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद मामले में बयानों पर अखिलेश यादव को आड़े हाथों लिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव एक ढोंगी व्यक्ति हैं। उन्होंने पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान रामभक्तों का दमन किया गया था और अब वही लोग धर्म के नाम पर राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। आगामी चुनावों और बीजेपी के भविष्य पर आत्मविश्वास जताते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि विकास और सुशासन के दम पर 2047 तक बीजेपी की सरकार बनी रहेगी और विपक्ष का कोई भी गठबंधन इसे डिगा नहीं पाएगा। बीजेपी पूरी तरह से तैयार है और परिणाम विशाल होंगे। सिराज/ईएमएस 02मार्च26