नई दिल्ली (ईएमएस)। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर टेम्बा बावुमा इस बार टी20 विश्वकप में अपनी टीम के प्रदर्शन से बेहद खुश हैं। वावुमा को उम्मीद है कि इस बार उनकी टीम खिताब अवश्य जीतेगी। दक्षिण अफ्रीका को अब बुधवार को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से खेलना है। टीम पिछले बार उपविजेता रही थी। तब उसे फाइनल में भारतीय टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। बावुमा ने कहा कि उनकी टीम ने अपनी सभी कमजोरियों को दूर कर लिया है और वह विश्वकप जीतने की प्रबल दावेदार है। साथ ही कहा कि टीम के पास हर क्षेत्र में मैच का रुख बदलने वाले खिलाड़ी हैं। बावुमा ने कहा है कि अब तक बल्लेबाज एडेन मारक्रम, डेविड मिलर और तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। कप्तान ने कहा, मैं इस विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के प्रदर्शन से काफी उत्साहित हूं। टीम खेल के हर पहलू में काफी मजबूत है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी में कोई कमी नहीं है और खिलाड़ी खिताब जीतने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। दक्षिण अफ्रीका को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से खेलना होगा। बावुमा का मानना है कि टीम को अहमदाबाद और दिल्ली में खेलने के बाद नये शहर के हालातों से तालमेल बिठाना होगा। उन्होंने कहा, टीम की अगली चुनौती सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना करना है। यह मैच कोलकाता में होगा और टीम को वहां के हालातों से तालमेल बिठाना होगा। हमने वहां हाल ही में टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन किया है। उम्मीद है टीम अपनी लय को जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि विश्व कप का फाइनल अहमदाबाद है और उनकी टीम वहां के हालातों को जानती है। बावुमा ने कहा, हम अगर न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे तो टीम को अहमदाबाद में खेलने का लाभ मिल सकता है। टीम ने अपने ज्यादातर मैच अहमदाबाद में खेले है और मुझे लगता है उनका शिविर भी वहीं लगा था। वे वहां के हालातों के अभ्यस्त हैं और अगर वे फाइनल में जाते हैं तो उससे उन्हें फायदा होगा। दक्षिण अफ्रीका के अधिकतर खिलाड़ियों ने इस विश्व कप में महत्वपूर्ण अवसरों पर अच्छा प्रदर्शन कर टीम पर दबाव को हावी नहीं होने दिया है। बावुमा ने कहा कि उनकी टीम के सभी खिलाड़ी अच्छी लय में हैं। एडेन मारक्रम जिम्मेदारी से टीम का नेतृत्व करने के साथ बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर मिसाल कायम कर रहे हैं। इसका टीम पर काफी असर पड़ता है। तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी कमाल रहे हैं। उनके पास मैच में कभी भी विकेट निकालने की क्षमता है। वह धीमी गेंदों का शानदार तरीके से इस्तेमाल कर रहे हैं। रेयान रिकेल्टन और डेविड मिलर भी बेहतरीन लय में हैं। मारक्रम ने इस विश्व कप के सात मैचों में 175 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 268 जबकि रिकेल्टन ने 171.42 की स्ट्राइकरेट से 228 रन बनाये हैं। मिलर ने 158 के स्ट्राइक रेट और 84 की औसत से 168 रन बनाये है जिसमें भारत के खिलाफ 35 गेंद में 63 रन की आक्रामक पारी शामिल है। गिरजा/ईएमएस 03 मार्च 2026