राज्य
03-Mar-2026
...


- मृतकों में ज्यादातर राजस्थान के निवासी हाथरस (ईएमएस) यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4 बजे सादाबाद क्षेत्र में माइल स्टोन 141 के पास हुआ, जब तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ईको वैन दिल्ली से धौलपुर की ओर जा रही थी और उसमें कुल 11 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन बुरी तरह चकनाचूर हो गई और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वैन से यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है— दिनेश (50) पुत्र हुकुम सिंह सुनीता (48) पत्नी दिनेश विजय बघेल (27) पुत्र सुखराम पिंकी बघेल (26) पत्नी विजय बघेल लोकेश (35) पुत्र भूरी सिंह — उपरोक्त सभी निवासी गंगोली, राजाखेड़ा, राजस्थान नाथू देवी (65) पत्नी अमर सिंह, शमशाबाद, आगरा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण नहीं रख सका और वैन में पीछे से घुस गई। हादसे के बाद कुछ देर तक एक्सप्रेस वे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय प्रशासन द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस