क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


अरवल, (ईएमएस)। बिहार के अरवल जिले के मेहंदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर वालिदाद के पास भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों युवक एक ही बाइक से किसी काम के सिलसिल में जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान रूपसागर बीघा गांव निवासी धर्मेंद्र पासवान के 22 वर्षीय पुत्र राजवीर कुमार के रूप में हुई है। जबकि दूसरे युवक की पहचान पटना जिले के मोकामा थाना क्षेत्र निवासी अजय पासवान के पुत्र दिव्यांश कुमार के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक मौसेरे भाई थे और किसी निजी कार्य से एक साथ बाइक पर निकले थे। अचानक हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उधर दुर्घटना में शामिल कंटेनर को पुलिस ने जब्त कर लिया है। लेकिन चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। संतोष झा- ०३ मार्च/२०२६/ईएमएस