क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


पटना, (ईएमएस)। होली के त्योहार के मद्देनजर पटना के बड़े अस्पतालों को ‘हाई अलर्ट’ मोड पर रखा गया है। पीएमसीएच से लेकर पटना एम्स और अन्य मेडिकल कॉलेजों तक, इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त कर दिया गया है। प्रशासन ने डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और घायलों तथा बीमारों के लिए विशेष वार्डों का इंतजाम किया है। पटना एम्स के ट्रॉमा सेंटर में 20 अतिरिक्त बेड लगाए गए हैं ताकि गंभीर घायलों का तुरंत इलाज हो सके। समूचे पटना शहर में एंबुलेंस की तैनाती इस तरह की गई है कि किसी भी कॉल पर त्वरित रिस्पॉन्स दिया जा सके। अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाओं और वेंटिलेटर की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है ताकि ‘गोल्डन ऑवर’ में मरीजों की जान बचाई जा सके। सिविल सर्जन कार्यालय भी पूरी तरह सक्रिय रहेगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि रंगों के साथ सावधानी बरतें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता लें। यदि होली के दिन किसी को मेडिकल इमरजेंसी होती है, तो तुंरत कंट्रोल रूम से संपर्क करें जिसका नंबर निम्नलिखित है- पीएमसीएच- 06122300080, पटना एम्स- 06122451070 एवं आईजीआईएमएस- 9473191807। संतोष झा- ०३ मार्च/२०२६/ईएमएस