-अफगान बलों ने सीमा पार कई पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर किया कब्जा काबुल,(ईएमएस)। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव चरम पर है। तालिबान के खुफिया अधिकारी जबर नोमानी ने पश्तून और बलूच नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। वहीं जवाबी कार्रवाई में अफगान बलों ने सीमा पार कई पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है और सैनिकों को मार गिराने का दावा किया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान के खुफिया अधिकारी जबर नोमानी और अफगान बल इस घटना के मुख्य सूत्रधार हैं। डूरंड लाइन के पास स्पिन बोल्डक, शोराबक और अली-शेर जिलों में यह तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पाकिस्तानी सेना द्वारा पश्तून और बलूच नागरिकों के घरों को निशाना बनाने के आरोपों के बाद अफगान बलों ने जवाबी सैन्य कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन में अफगान बलों ने तीन पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है। तालिबान के खुफिया अधिकारी जबर नोमानी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना के कमांडर अपने बलों को नागरिकों के घरों पर मोर्टार और तोपखाने से हमला करने का निर्देश दे रहे हैं, जिससे बाद में इसका दोष अफगान तालिबान पर मढ़ा जा सके। उन्होंने लोगों से अपनी और अपने परिवारों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की अपील की है। काबुल और इस्लामाबाद के बीच बढ़ते तनाव के बाद, अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने जवाबी हमले शुरू किए हैं। इस संघर्ष में तीन पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और एक को जिंदा पकड़ा गया है। इसके अलावा, खोस्त प्रांत के अली-शेर जिले में भी दो और पाकिस्तानी सैन्य चौकियों पर कब्जा करने की सूचना है। काबुल, नंगरहार और कंधार में भी सैन्य हमले किए गए है। सिराज/ईएमएस 03मार्च26